2 जनवरी को ईटली में हुई प. सिंहभूम के छात्र राम नारायण राउथ की मौत, परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लगाई शव परिजनों को सौंपे जाने की गुहार.
रिपोर्ट- संगीता नायक, प. सिंहभूम…
ईटली में प.सिंहभूम, गुवा के छात्र राम कुमार राउथ की ईटली में संदेहास्पद स्थिति में हुई मौत।
मृतक छात्र के पिता ने भारतीय दूतावास और जिले के उपायुक्त को शव मंगवाने के लिए लिखा पत्र।
5 दिन बाद भी परिजनों को कोई सूचना उपलब्ध नहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल।
मृतक छात्र के पिता प्रभु नारायण राउथ ने सीएम से लगाई गुहार।
चाईबासा(गुवा)- नानक नगर, गुवा, प. सिंहभूम निवासी, प्रभु नारायण राउथ ने अपने बेटे राम कुमार राउथ का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे जाने के संबंध में भारतीय दूतावास से गुहार लगाई है। ईटली में रह कर पढ़ाई कर रहे छात्र राम कुमार राउथ की मौत ईटली में कैसे और किस हालात में हुई, इसकी जानकारी परिजनों को अब तक नहीं हुई है।
मृतक छात्र के पिता ने भारतीय दूतावास को भेजे पत्र में लिखा है कि, राम कुमार राउथ ईटली स्थित, नेपल्स, पाथेनोप में रह कर Universita Degli Studi Di Napoli Parthenope in Italy कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। राम कुमार का शव 2 जनवरी 2024 को उसके अपार्टमेंट से बरामद किया गया है। राम कुमार के पिता ने आगे लिखा है कि राम कुमार का शव जल्द से जल्द भारत लाकर परिजनों को सौंपा जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा किया जा सके।
घटना के बारे में मृतक छात्र, रामकुमार के पिता प्रभु नारायण राउथ बताते हैं कि राम कुमार की मौत 2 जनवरी को हुई है। चुंकि राम कुमार ने एक जनवरी को घर पर फोन नहीं किया, जिसके बाद परिजनों ने ही दो जनवरी को ईटली में मकान मालिक के पास फोन किया, तब मकान मालिक ने बताया कि राम कुमार राउथ का शव उसके अपार्टमेंट के बाथरुम से 2 जनवरी 2024 को बरामद किया गया है। मौत कैसे और किस हालात में हुई? इसकी जानकारी मकान मालिक को भी नहीं है। प्रभु नारायण राउथ आगे बताते हैं कि मौत 2 जनवरी को हुई है, लेकिन 6 जनवरी तक उसके शव का पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया गया है। इधर घटना की खबर पाकर घर में परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना से गुवा स्थित नानक नगर के निवासियों में मातम पसर गया है।
प्रभु नारायण राउथ ने जानकारी दी कि, घटना से चाईबासा जिले के उपायुक्त को पत्र लिख कर अवगत कराते हुए शव को जल्द से जल्द भारत लाकर उनके परिजनों को सौंपने के लिए गुहार लगाया गया था, लेकिन उपायुक्त की ओर से अब तक कोई जानकारी परिजनों को उपलब्ध नहीं करवाया गया है।
मृतक छात्र के पिता प्रभु नारायण ने भारत सरकार, राज्य सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन से निवेदन किया है कि मेरे बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाकर मुझे सौंपा जाए, ताकि मैं अपने बेटे के शव का अंतिम संस्कार कर सकूं।