रिपोर्ट- बिनोद सोनी…
राँची: कोरोना की दूसरी लहर बेहद खतरनाक है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पूर्व विभाग ने कोरोना के 52 सैंपल जांच के लिए भुवनेश्वर भेजी थी, जिसकी रिपोर्ट आ गई है। जानकारी के अनुसार 52 सैंपल में से 3 प्रतिशत सैंपल में घातक संक्रमण दिखा है। 9 सैंपल में UK का स्ट्रेन मिला है, जबकि 4 सैंपल में डबल म्यूटेंट वायरस की मौजूदगी पायी गयी है।
नये रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। देशभर में इस नये वेरिएंट के लगभग 800 मामले सामने आए हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने सभी आरटी-पीसीआर लैब प्रभारियों को निर्देश दिया है, कि वे कम से कम 5 प्रतिशत सैंपल स्ट्रेन की जांच के लिए बाहर भेजें।
झारखंड में कोरोना के नये वेरिएंट की गंभीरता की जानकारी पारस हॉस्पिटल के डॉ. नितेश ने देते हुए कहा है कि UK का स्ट्रेन और डबल म्यूटेंट वायरस घातक है। यही वजह है कि कोरोना के क्रिटिकल केयर के मरीज बढ़ते जा रहे हैं, जो बहुत ही चिंतनीय है। साथ ही उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन पालन करने की अपील की है।
वहीं राज्य में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हो रही है। बीते 24 घंटों में राज्य में 31 संक्रमितों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है वहीं 3198 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। रांची में सर्वाधिक 1273 संक्रमित मिले हैं। यह आंकड़ा अब तक राजधानी में मिले मरीजों में सबसे अधिक है। कोरोना से मृतकों में रांची और पश्चिमी सिंहभूम से 7-7, धनबाद से 5, बोकारो, दुमका और कोडरमा से 2-2, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, और सरायकेला में 1-1 मरीज की मौत हुई है। नए मिले संक्रमित के बाद राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1,44,594 हो गया है, जिसमें 1,26,178 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं और 1261 मरीजों की जान चली गई है। राज्य में फिलहाल 17155 एक्टिव केस हैं।