पूर्वी भारत में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले M.S. Dhouni पर 1800 का बकाया…
रिपोर्ट- बिनोद सोनी…
राँची: साल में करोड़ों कमाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 18 सौ रुपये के कर्जदार हैं। पूर्वी भारत में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वालों में शुमार रहने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी सन्यास की घोषणा करते ही 1800 रुपये का कर्जदार हो गए। झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन की 30 अगस्त को हुए एजीएम की बैठक में पेश किये गए एनुअल रिपोर्ट में धौनी को 1800 रुपये का कर्जदार बताया गया है। JSCA के बकायेदारों की सूची में 50 वें नंबर में देश के पूर्व कप्तान एम.एस. धौनी (माही) का नाम शामिल है। धौनी का बकाया किस मद में है इसकी जानकारी नही दी गयी है।
गौरतलब है कि धौनी जेएससीए के आजीवन सदस्य हैं। हालांकि यह बकाया किस मद में है इसकी जानकारी जेएससीए नहीं दे पाया है। इस संदर्भ में जब जेएससीए पदाधिकारियों से पूछा गया तो वे बोलने से कतराते रहें।
आपको बता दें कि जेएससीए को वर्ष 2019-20 में लगभग 22 करोड़ का मुनाफा हुआ। हालांकि इसका बहुत अधीक ब्योरा नहीं दिया गया। एजीएम की बैठक मात्र 20 मिनट ही ऑनलाइन हुई। जेएससीए के पूर्व सचिव सुनील सिंह ने कहा कि जेएससीए को 22 करोड़ का मुनाफा लेकिन बैठक 20 मिनट भी नहीं चली। ऑनलाइन बैठक थी तो इसे खत्म करने की इतनी हड़बड़ी क्या थी। आय-व्यय का ब्योरा सदस्यों के बीच विस्तार से रखा जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नही किया गया।
जानकारी देते चलें कि 15 अगस्त को जब पूरा देश 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाने में व्यस्त था, उसी दिन माही ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास की घोषणा कर सबको अचंभित कर दिया था।