नीरज सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमन सिंह की धनबाद जेल में गोली मारकर हत्या…
रिपोर्ट- अशोक कुमार, धनबाद…
धनबाद : जेल के अंदर भी रखे जाते हैं अवैध हथियार, इस बात की पुष्टि धनबाद जेल के अंदर अमन सिंह नामक शूटर की हत्या से हो चुकी है। धनबाद जेल में आज नीरज सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर में से एक अमन सिंह की जेल में ही बंद अपराधियों ने गोली मार कर कर दी। बताया जा रहा है कि अमन सिंह सो तीन से चार गोली मारी गई है। जेल के अंदर गोली चलते भगदड़ मच गई। आपा-धापी में पगली घंटी बजा कर सभी कैदियों को वार्ड के अंदर भेजा गया। उसके बाद अमन सिंह को गंभीरावस्था में जेल से धनबाद के SNMMCH ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कांग्रेस नेता, नीरज सिंह की हत्या के बाद यूपी से पुलिस ने गिरफ्तार किया था अमन कोः
अमन सिंह को गोली किसने और क्यों मारी? पुलिस और जिला प्रशासन इसकी पड़ताल कर रही है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जिले के डीसी, एसएसपी सहित कई वरीय अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ जेल के अंदर गई और मामले की जांच में जुट गई।
जानकारी देते चलें कि 21 मार्च 2017 को धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर, सह कांग्रेस नेता नीरज सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर अमन सिंह ही था। अमन सिंह को नीरज सिंह की हत्या के बाद धनबाद पुलिस ने यूपी से गिरफ्तार कर धनबाद लाया था और तभी से वह जेल में बंद था।
अमन सिंह का गैंगेस्टर प्रिंस खान से भी था संबंधः
सूत्रों की मानें तो अमन सिंह का संबंध वासेपुर के गैंगेस्टर प्रिंस खान से भी था। प्रिंस खान हत्या सहित कई मामले में फरार है, फिलहाल उसके दुबई में रहने की खबर है और वहीं से वह अपना गिरोह चला रहा है। कुछ माह पूर्व धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
धनबाद पुलिस एक बार फिर खड़ी है कटघरे मेंः
फिलहाल धनबाद जेल के अंदर अमन सिंह की हुई हत्या की घटना से धनबाद पुलिस कटघरे में है। जेल में सुरक्षा के कड़े प्रबंध के बावजुद जेल के अंदर हथियार कहां से आया? किसके कहने पर जेल के अंदर हथियार पहुंचाया गया? हथियार जेल के अंदर ले जाने में कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं? और हत्याकांड को किसने और किसके कहने पर अंजाम दिया गया जैसे कई सवाल है, जिसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।