भारी बारिश के बावज़ूद, मानव श्रृंखला बनाकर स्टेन स्वामी के विरुद्ध हुए अन्याय का किया विरोध….
रिपोर्ट- बिनोद सोनी…
रांचीः शुक्रवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर कई सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, छात्र संगठनों के प्रतिनिधि और राजनीतिक दलों ने संयुक्त रुप से भारी बारिश के बावजुद मानव श्रृंखला बनाकर फादर स्टेन स्वामी के विरुद्ध हुए अन्याय का विरोध किया। मानव श्रृंखला में शामिल लोग इस अन्याय के विरुद्ध प्लेकार्ड लेकर एकजुट होकर खड़े रहें और अपना विरोध जताया।
मानव श्रृंखला का निर्माण कर विरोध दर्ज किया जाना राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है। सौ से भी अधिक संगठनों द्वारा स्टेन स्वामी की संस्थागत हत्या, UAPA जैसी दमनकारी कानून एवं लोकतंत्र पर बढ़ते हमलों के विरुद्ध राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। झारखंड में अनेक संगठन इस अभियान से जुड़े हुए हैं।

मानव श्रृंखला में आए प्रतिभागियों ने राज्यपाल के लिए संलग्न पत्र बनाया जिसमें निम्नलिखित मांगे की गयी हैः-
1) स्टेन स्वामी को न्याय मिले।
2) UAPA, राजद्रोह धारा समेत सभी दमनकारी कानून रद्द हो।
3) सभी राजनैतिक बंदियों को रिहा किया जाए।
4) बेल की प्रक्रिया को पूर्ण रूप से स्थापित किया जाए, ताकि बेल मिलना असामन्य बात न हो।
5) पीड़ित विचाराधीन कैदियों के परिवारों को मुआवज़ा मिले एवं गलत मामला दर्ज करने के लिए दोषी प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों पर कार्यवाई हो।
6) झारखंड सरकार स्वर्गीय स्टेन स्वामी समेत सभी आदिवासी-मूलवासियों पर पत्थलगड़ी आन्दोलन के दौरान लगाए गए सभी मामलों को तुरंत रद्द करे।
7) झारखंड में UAPA व राजद्रोह धारा का इस्तेमाल और पुलिसिया दमन पूर्णता: बंद हो।