सांगा-सियारटोली संघर्ष समिति के 6 मांगों पर IIIT निदेशक स्तर पर बनी सहमति, 2 पर सरकार लेगी निर्णय…

0
5

रिपोर्ट- वसीम अकरम…

रांची: राजधानी रांची के कांके प्रखंड में स्थापित होने वाले IIIT को लेकर सांगा सियारटोली में जमीन अधिग्रहण का कार्य जोरों पर है, जिसे लेकर लगातार सांगा-सियारटोली संघर्ष समिति के बैनर तले स्थानीय ग्रामीणों द्वारा 8 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है।

2 घंटे तक चली वार्ता में 6 मांगों पर बनी सहमतिः

समिति के माध्यम से ग्रामीणों ने पूर्व में ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य के उच्च व तकनिकी शिक्षा विभाग, राँची उपायुक्त और ट्रिपल आईटी निदेशक को मांग पत्र सौंप कर अपनी मांगों से अवगत करवा चुके हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को ट्रिपल आईटी के निदेशक के बुलावे पर स्थानीय संघर्ष समिति का प्रतिनिधि मंडल रांची के नामकुम स्थित ट्रिपल आईटी कार्यालय पहुंचे, जहां प्रतिनिधिमंडल के 9 सदस्यों की मौजुदगी में ट्रिपल आईटी निदेशक और अधिकारियों के साथ लगभग 2 घंटे तक वार्ता हुई। समिति के सभी 8 मांगों पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई, जिसमें से 6 मांगों पर निदेशक ने अपनी सहमति जताई, लेकिन दो मांग निदेशक ने अधिकार क्षेत्र से बाहर होने की बात कहते हुए मामने से ईन्कार कर दिया। हलांकि सहमत हो चुके 6 मांगों पर भी निदेशक ने लिखित तौर पर सहमति पत्र नहीं दिया है।

विवादित स्थल पर काम करने नही दिया जाएगाः स्थानीय संघर्ष समिति

मौके पर मौजूद स्थानीय संघर्ष समिति के मुख्य संरक्षक सह जिप सदस्य हकीम अंसारी ने कहा कि, फिलहाल जो भी बातें हुई है उस पर स्थानीय संघर्ष समिति की अगली बैठक में विचार करने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल संस्थान द्वारा जो भी कार्य चल रहा है उसे नहीं रोका जाएगा लेकिन जो एरिया डिस्टर्ब में आता है, उस पर अभी किसी तरह का कार्य करने नही दिया जाएगा। जबतक दोनों पक्षो पर लिखित समझौता नही हो जाता है, तब तक समिति आंदोलन करते रहेगी।

8 में से 6 मांग जिस पर सहमति बनीः

1) ट्रिपल आईटी रांची के अस्थाई परिसर का निर्माण कार्य शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर सीपीडब्ल्यूडी द्वारा परिपूर्ण होगा। परिसर के मेंटेनेंस कार्य जनरल फाइनेंशियल रूल्स के अंतर्गत टेंडर द्वारा ही किया जाएगा। ट्रिपल आईटी रांची, सीधे तौर पर इन कार्यों में भागीदार नहीं है। ट्रिपल आईटी रांची प्रशासन आश्वासन देता है कि अपनी ओर से ग्रामीणों को इन निर्माण कार्यों में अधिक से अधिक समृद्ध करने का पूर्ण प्रयास करेगा।

2) ट्रिपल आईटी रांची के अस्थाई परिसर निर्माण के उपरांत अनुबंधित तृतीय वर्ग के कर्मचारियों के चयन में परिसर के आसपास के ग्रामीणों को योग्यता के अनुसार नौकरी में प्राथमिकता दी जाएगी।

3) ग्रामीणों के सहयोग से ट्रिपल आईटी रांची का अस्थाई परिसर बनने के उपरांत भविष्य में किसी भी तरह का बाहरी विस्तार कार्य, स्थानीय निगरानी समिति के परामर्श से किया जाएगा।

4) ट्रिपल आईटी रांची के बीओजी का गठन शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा होता है सांगा और सियारटोली के प्रमुख व्यक्ति के नाम का सुझाव देने पर उनका नाम शिक्षा मंत्रालय को भेजा जा सकता है। इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्रालय का निर्णय ही मान्य होगा।

5) ट्रिपल आईटी रांची एक सरकारी गैर लाभकारी संस्थान है, इस संदर्भ में शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार झारखंड सरकार एवं प्राइवेट पार्टनर ही निर्णय लेते हैं, अतः सांगा-सियार टोली के विकास के लिए आय का कुछ प्रतिशत साझा करने में ट्रिपल आईटी रांची असमर्थ है, लेकिन इन ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए ट्रिपल आईटी रांची योगदान देगा।

6)  JEE(Main)   प्रतियोगिता परीक्षा में उत्तीर्ण होने में अस्थाई परिसर से संलग्न ग्रामों के मेधावी छात्रों को तैयार करने में ट्रिपल आईटी रांची के छात्र और शिक्षक मार्गदर्शन करेंगे।

ये दो मांग ट्रिपल आईटी निदेशक के अधिकार क्षेत्र से बाहरः

7) ट्रिपल आईटी रांची को आवंटित भूमि में स्थित श्मशान घाट और देव स्थल पर झारखंड सरकार द्वारा लिया गया निर्णय ही ट्रिपल आईटी रांची को मान्य होगा।

8) ट्रिपल आईटी रांची की स्थापना के लिए भूमि झारखंड सरकार तथा उच्च तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के माध्यम से प्रदान की गई है। झारखंड सरकार द्वारा अधिग्रहित रैयती और गैर मजरूआ भूमि का विवरण ट्रिपल आईटी रांची के पास नहीं होने के कारण संस्थान सांगा-सियारटोली जनसंघर्ष समिति को उपलब्ध करवाने में असमर्थ है।

वार्ता में ट्रिपल आईटी के तरफ से संस्थान के निदेशक, रजिस्ट्रार सहित कई अधिकारी शामिल रहें, वहीं स्थानीय संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल में समिति के मुख्य संरक्षक सह जीप सदस्य हकीम अंसारी, मुख्य संरक्षक लखन उरांव, अध्यक्ष मुकुंद मुंडा, सचिव मूर्तेजा अंसारी, अर्जुन चंद यादव, राजकुमार पाहन, खालिक अंसारी, संजय मुंडा, बिनोद मुंडा, प्रेम प्रकाश, राजकुमार महतो, महेंद्र महतो, अटल सिंह, सूरज यादव मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.