निशिकांत दुबे की डिग्री को लेकर आपत्ति है तो निष्पक्ष जाँच हो, सत्ता का दुरूपयोग न करे सरकार: भाजपा
रिपोर्ट- बिनोद सोनी…
राँची : झामुमो द्वारा गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की डिग्री को फर्जी करार दिए जाने के बाद, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, सरोज सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सांसद निशिकांत दुबे के डिग्री को लेकर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा को अगर कोई आपत्ति है, तो इसकी जाँच होनी चाहिए, इस पर पार्टी को कोई आपत्ति नही हैं, लेकिन हेमंत सरकार की मंशा निशिकान्त दुबे द्वारा उठाए विषयों से ध्यान भटकाने के लिए उल-जलूल सवाल उठाए जा रहे हैं।
क्या सीआईडी झामुमो को रिपोर्ट करती है? भाजपा प्रवक्ता
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि, बिना एफआईआर हुए, बिना जांच की जिम्मेवारी मिले किस हैसियत से सीआइडी ने पत्र लिख कर निशिकान्त दुबे के डिग्री पर जबाब मांगा? वो भी विश्वविद्यालय की जगह कॉलेज से, और जिस तारीख को जवाब आता है उसी तारीख को झामुमो के ट्विटर अकाउंट से पोस्ट होता है, तो क्या सीआईडी आजकल झामुमो को रिपोर्ट करती है?
हलफनामें पर निशिकांत दुबे ने चुनाव आयोग को पत्र लिख कर स्थिति स्पष्ट करने को कहा हैः भाजपा प्रवक्ता
झामुमों प्रवक्ता द्वारा सांसद निशिकांत दुबे के हलफनामें पर सवाल उठाने के संबंध में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव आयोग के हलफनामे का कोई मामला है, तो उसकी जांच चुनाव आयोग करेगा और जांच के लिए स्वयं सांसद निशिकांत दुबे ने चुनाव आयोग को पत्र लिख कर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
भाजपा प्रवक्ता सरोज सिंह ने ये भी कहा कि सांसद निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पर जो सवाल उठाया है, उसका जवाब देना चाहिए। ये बहुत ही गम्भीर आरोप की श्रेणी में आता है।