रिपोर्ट- बिनोद सोनी…
रांचीः JPSC अध्यक्ष रहे अमिताभ चौधरी का आज निधन हो गया। उन्होंने रांची सेंटेविटा अस्पताल में अंतिम सांस ली। डॉक्टरों के अनुसार, अमिताभ चौधरी का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। अमिताभ चौधरी के निधन की खबर सुनने के बाद राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा समेत कई आईपीएस अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अमिताभ चौधरी क्रिकेट टीम इंडिया के मैनेजर के साथ साथ राज्य में आईपीएस अधिकारी भी रह चुके है। 62 वर्षीय अमिताभ चौधरी का जन्म 6 जुलाई 1960 को हुआ था। उन्हें अक्टूबर 2020 में झारखंड लोकसेवा आयोग (जेपीएससी) का चैयरमैन बनाया गया था। उनका कार्यकाल पिछले महीने पांच जुलाई 2022 तक ही था। अमिताभ चौधरी राज्य के वैसे चर्चित लोगों में शामिल थें, जिन्होंने शासन, प्रशासन, क्रिकेट और राजनीति में अपनी एक अलग ही पहचान बना रखी थी। 1985 में आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास किया, जिसके बाद वे बिहार कैडर के आईपीएस बने।
वहीं झारखंड अलग राज्य बनने के बाद उन्हें झारखंड कैडर मिला था। 2002 में बीसीसीआई के मेंबर भी बने। 2005 में राज्य के तात्कालीन डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुदेश कुमार महतो को हरा कर वे झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष बने थें। फिर 2005 से 2009 तक क्रिकेट टीम इंडिया के मैनेजर भी रहे। 2013 में उन्होंने आईपीएस की नौकरी से वीआरएस ले ली। इसके बाद 2014 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। बीजेपी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम से रांची लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थें लेकिन वे चुनाव जीत नहीं सकें।